छत्तीसगढ़ की पहली नेशनल हाईवे सुरंग तैयार, NHAI ने 12 महीने में किया निर्माण, CM विष्णुदेव साय ने जताया आभार

रायपुर-विशाखापट्टनम NH-130CD पर बनी 2.79 किमी लंबी ट्विन-ट्यूब सुरंग — व्यापार और क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति
रायपुर। छत्तीसगढ़ को एक नई उपलब्धि मिली है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राज्य की पहली राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग (लेफ्ट हैंड साइड) का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।
यह सुरंग रायपुर-विशाखापट्टनम (NH-130CD) आर्थिक गलियारे पर स्थित है और इसकी लंबाई 2.79 किलोमीटर है। खास बात यह है कि इस निर्माण कार्य को महज 12 महीनों में पूरा किया गया है।
https://x.com/NHAI_Official/status/1974418589902893310
NHAI पीआईयू अभनपुर द्वारा निर्मित यह सुरंग छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच संपर्क को मज़बूती प्रदान करेगी। इससे न सिर्फ यात्रा का समय घटेगा बल्कि व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जताते हुए कहा —
“पहाड़ों के पार अब उम्मीदों की राह बनी। केवल 12 महीनों में NHAI ने छत्तीसगढ़ की पहली राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग तैयार कर विकास की नई मिसाल पेश की है। यह केवल इंजीनियरिंग की उपलब्धि नहीं, बल्कि जन-जीवन को जोड़ने वाली उम्मीदों की राह है।”
सीएम साय ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और NHAI टीम को इस उपलब्धि के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह “समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़” के हमारे विज़न की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
