अजय चंद्राकर का कांग्रेस पर हमला: कहा- पार्टी में चोर-डकैतों की भरमार, सिंहदेव को ‘एक दिन का सीएम’ बना देंगे

पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान और वरिष्ठ नेताओं पर कसा तंज — बोले, गांधी परिवार ने टीएस सिंहदेव को धोखा दिया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कांग्रेस के “संगठन सृजन अभियान” को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि — “अगर कांग्रेस को अब संगठन बनाना पड़ रहा है तो इसका मतलब है कि पहले पार्टी का ढांचा ही नहीं था। कांग्रेस में अनुशासन नहीं, बल्कि चोर-डकैतों की भरमार है।”
अजय चंद्राकर ने आरोप लगाया कि जांजगीर जिले के NSUI जिलाध्यक्ष हाल ही में डकैती की योजना बनाते हुए पकड़े गए, यह कांग्रेस के चरित्र को दिखाता है।
सिंहदेव पर तंज — “एक दिन का सीएम बना देंगे”
पूर्व मंत्री ने पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव को लेकर भी तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा —
“सिंहदेव जी की मुख्यमंत्री बनने की इच्छा अधूरी रह गई। वे एक दिन के कलेक्टर और एक दिन के आर्मी की तरह हैं। अगर वे चाहें तो हम उन्हें एक दिन के लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाकर सम्मानित कर देंगे।”
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, गांधी परिवार ने सिंहदेव को धोखा दिया, और अगर राजपरिवार ने कुछ हिस्सा गांधी परिवार को दे दिया होता, तो शायद “बाबा” मुख्यमंत्री बन जाते।
भूपेश बघेल पर भी साधा निशाना
अजय चंद्राकर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा —
“बघेल जी ने कहा था कि, सभी आदिवासी अरविंद नेताम जैसे हों। लेकिन जब नेताम की बहू पर टिप्पणी हुई तो वे चुप रहे।”
उन्होंने आगे कहा कि, रविंद्र चौबे का अपमान भी भूपेश बघेल के इशारे पर हुआ।
चंद्राकर ने दावा किया कि पीसीसी चीफ दीपक बैज को भी संगठन में काम करने नहीं दिया जा रहा है — “वे केवल नाराज़ नेताओं को मनाने में लगे रहते हैं।”
कांग्रेस में फूट गहराई — “आपसी मतभेद बढ़ रहे”
चंद्राकर ने कांग्रेस के अंदरूनी कलह पर टिप्पणी करते हुए कहा कि, पार्टी अब पूरी तरह बिखर चुकी है।
“मोहन मरकाम 23 दिन के मंत्री बने, तो वहीं बघेल के खास विधायक ही अब सिंहदेव को खतरा बता रहे हैं। यह बताता है कि कांग्रेस का अनुशासन अब इतिहास बन चुका है।”

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
