PM के रायपुर दौरे से पहले अमित जोगी नजरबंद, काले कपड़ों पर बवाल

मिनी माता के नाम हटाने के विरोध में जा रहे थे नवा रायपुर, पुलिस ने घर पर किया हाउस अरेस्ट
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक दिवसीय दौरे पर हैं। इसी बीच जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी को उनके रायपुर स्थित आवास में ही नजरबंद कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, अमित जोगी नवा रायपुर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में काले कपड़े पहनकर शांतिपूर्ण विरोध करने जा रहे थे। जैसे ही पुलिस को इसकी खबर लगी, उन्हें उनके घर में ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया।
अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर लिखा,
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी, छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस के उत्सव में अब काले कपड़े पहनना अपराध हो गया है! मुझे मेरे ही घर में नजरबंद कर दिया गया क्योंकि मैं मिनी माता के नाम को हटाने के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहता था।”
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को नए विधानसभा भवन के उद्घाटन का निमंत्रण अमित जोगी को भी भेजा गया था, लेकिन उन्होंने विरोध स्वरूप उस निमंत्रण पत्र को जला दिया था। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने पुराने विधानसभा भवन का नाम मिनी माता के नाम पर रखा था, लेकिन नए भवन से इस नाम को हटा दिया गया है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा हो रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
