बड़ी कार्रवाई की तैयारी: आज कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं अमित बघेल, परिसर में भारी पुलिस बल तैनात

12 राज्यों में दर्ज FIR, सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद बढ़ी कानूनी मुश्किलें
by - Thaneshwar sahu
रायपुर। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल आज रायपुर कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं। इस संभावना को देखते हुए कोर्ट परिसर को सुरक्षा के लिहाज से पूरी तरह से छावनी में बदल दिया गया है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी की तैयारियाँ भी पूरी कर ली हैं।
गौरतलब है कि आपत्तिजनक बयान देने के मामले में अमित बघेल करीब दो महीने से फरार चल रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने लगाई थी कड़ी फटकार
26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने अमित बघेल की याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाई थी। अदालत ने स्पष्ट कहा था—
“अपनी जुबान पर लगाम रखें। जहां-जहां FIR दर्ज है, वहां की कानूनी प्रक्रिया का सामना करें।”
सुप्रीम कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। साथ ही कोर्ट ने सभी FIR क्लब करने की उनकी मांग पर भी कोई राहत नहीं दी।
12 राज्यों में FIR, 26 दिन से फरार
अमित बघेल पर देश के 12 अलग-अलग राज्यों में FIR दर्ज है। सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान अदालत ने टिप्पणी की थी—
“पुलिस आपको अलग-अलग राज्यों में ले जाएगी, पूरे देश की सैर का आनंद लीजिए।”
26 दिनों से फरार चल रहे अमित बघेल पर कई गंभीर आरोप हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी को लेकर सक्रिय है।
पुलिस और कोर्ट दोनों तैयार
सूत्रों के अनुसार—
-
कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी
-
पुलिस ने सरेंडर होते ही गिरफ्तारी के लिए प्लान तैयार कर रखा है
-
कोर्ट परिसर में भीड़ को रोकने विशेष व्यवस्था
अमित बघेल के सरेंडर को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
