रायपुर VIP रोड हादसा: तेज रफ्तार कार ने बैरिकेड तोड़ ट्रैफिक आरक्षक को मारी टक्कर, सड़क पर पलटी कार

ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान हुआ हिट एंड रन हादसा, घायल ट्रैफिक आरक्षक की हालत नाजुक, आरोपी युवक हिरासत में।
रायपुर। राजधानी रायपुर की VIP रोड पर देर रात एक ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान हिट एंड रन की घटना ने हड़कंप मचा दिया। एक तेज रफ्तार कार ने बैरिकेड तोड़ते हुए ट्रैफिक आरक्षक हेम कुमार पटेल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कुछ दूरी तक आरक्षक को घसीटती चली गई और फिर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में आरक्षक हेम कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनकी टांग टूट गई है और उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और आरोपी युवकों को पकड़ लिया। कार चालक की पहचान सिद्धांत दान और उसके साथी आदित्य चौधरी के रूप में हुई है। दोनों युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे और पुलिस चेकिंग से बचने की कोशिश में बैरिकेड तोड़कर भाग रहे थे।
मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और दोनों आरोपियों की मेडिकल जांच कराई जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि, “ऐसे लापरवाह और खतरनाक ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।”

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
