पंजाब से आया हेरोइन सप्लाई का जाल: रायपुर में ट्रेलर से पकड़े गए दो बड़े ड्रग्स सप्लायर

राजधानी रायपुर में पुलिस ने पंजाब से आए दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया। आरोपी ट्रेलर में बैठकर हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।
by - Thaneshwar sahu
रायपुर: राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बार फिर ड्रग्स सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई की है। आमानाका थाना क्षेत्र में दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है, जो पंजाब से हेरोइन लाकर रायपुर में खपाने की फिराक में थे।
पुलिस को 3 नवंबर की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रैफिक थाने से कुछ दूरी पर एक ट्रेलर वाहन (CG-04 HX 622) में दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे हैं, जो हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मंजीत सिंह और हरदीप सिंह (दोनों पंजाब निवासी) बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि वे पंजाब से हेरोइन लाकर रायपुर में बेचने वाले थे।
जब्त माल और पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्न वस्तुएं बरामद कीं —
-
हेरोइन (चिट्टा): 34.60 ग्राम
-
तौल मशीन
-
दो मोबाइल फोन
-
एक ट्रेलर वाहन (CG-04 HX 622)
बरामद हेरोइन की कीमत लगभग ₹3.46 लाख, जबकि कुल जब्त माल की कीमत ₹18 लाख बताई जा रही है।
आरोपियों से पूछताछ जारी है कि वे पहले कितनी बार रायपुर में डिलीवरी कर चुके हैं और हेरोइन कहां-कहां सप्लाई की जाती थी।
रायपुर बनता जा रहा ड्रग्स सिंडिकेट का हब
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रायपुर अब ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का नया ठिकाना बनता जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में पुलिस ने देवेंद्र नगर, टिकरापारा, कोतवाली, कबीर नगर, तेलीबांधा और गंज थाना क्षेत्रों में 35 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया है।
इस सिंडिकेट में महिलाएं भी शामिल हैं और ज्यादातर माल पंजाब, दिल्ली, नागपुर और मुंबई से लाया जाता है।
पुलिस का कहना है कि ड्रग्स के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
