छत्तीसगढ़ में तूफान का अलर्ट: बस्तर से रायपुर तक भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा, रेड अलर्ट जारी

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान में बदल गया। मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के 5 जिलों में रेड अलर्ट और रायपुर समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव अब चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसके असर से अगले 3 से 4 दिन राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 28 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के 5 जिलों — नारायणपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद में ऑरेंज अलर्ट, जबकि रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, महासमुंद, बालोद, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में यलो अलर्ट लागू किया गया है।
तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बस्तर क्षेत्र में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जो कुछ जगहों पर 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इसके साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
रविवार को ही बस्तर और रायपुर में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई थी। राजधानी के माना क्षेत्र में 33.6°C अधिकतम तापमान और अंबिकापुर में 17.5°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
बंगाल की खाड़ी से उठ रहा सिस्टम
दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना यह गहरा अवदाब (Deep Depression) एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो रहा है।
इस सिस्टम का असर सीधे छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में दिखेगा, खासकर बस्तर संभाग में।
अगले दो दिन तक इस तूफान के असर से भारी वर्षा और तेज हवाएं चलेंगी।
59% ज्यादा बारिश अक्टूबर में
मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 26 अक्टूबर के बीच प्रदेश में 89.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि औसत 56.2 मिमी है।
यानी अब तक 59% अधिक वर्षा हुई है।
किसानों के लिए अलर्ट जारी
कृषि मौसम विभाग ने किसानों को चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तेज हवा और बारिश से फसलें प्रभावित हो सकती हैं।
-
जिन खेतों में फसल खड़ी है, वहां नुकसान की आशंका है।
-
जिन किसानों ने कटाई के बाद फसल को खुले में रखा है, उन्हें भंडारण की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
