दीवाली पर भूपेश बघेल का भावुक ट्वीट: “बेटे से नहीं मिल पाया, मोदी-शाह की कृपा से जेल में है मेरा बेटा”

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दीपावली के दिन बेटे चैतन्य बघेल से न मिलने पर सोशल मीडिया पर दर्द बयां किया। ट्वीट के बाद सियासी हलचल तेज़।
रायपुर। पूरे देश में आज दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है, लेकिन इस खुशी के माहौल के बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक भावनात्मक ट्वीट कर सबका ध्यान खींचा है।
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा —
“दीवाली पर मुझे जेल में बंद अपने बेटे चैतन्य बघेल से मिलने की अनुमति नहीं मिली। दो दशक पहले जब अजीत जोगी ने मेरे बाबूजी को जेल भेजा था, तब उन्हें दिवाली के दिन मिलने की छूट दी गई थी। आज नरेंद्र मोदी और अमित शाह की कृपा से मेरा बेटा जेल में है, पर मुझे उससे मिलने नहीं दिया गया। बहरहाल, सबको दीपावली की शुभकामनाएं।”
बघेल के इस ट्वीट के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे “राजनीतिक प्रतिशोध” करार देते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
चैतन्य बघेल पर क्या हैं आरोप?
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 18 जुलाई 2025 को छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया था।
ईडी का आरोप है कि इस घोटाले में लगभग ₹2,500 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध लेन-देन हुआ था, जिसमें चैतन्य बघेल पर ₹1,000 करोड़ के अवैध प्रबंधन का मुख्य आरोप है।
हाल ही में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

राजनीतिक बयानबाजी तेज
भूपेश बघेल के ट्वीट के बाद कांग्रेस नेताओं ने केंद्र पर “व्यक्तिगत प्रतिशोध की राजनीति” करने का आरोप लगाया है।
वहीं बीजेपी नेताओं का कहना है कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और न्यायिक प्रक्रिया के तहत ही सब कुछ हो रहा है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
