रायपुर में माता दुर्गा की 176 प्रतिमाओं का भव्य विसर्जन, भक्तिमय माहौल

महादेव घाट पर नवरात्रि-विजयादशमी के अवसर पर प्रतिमाओं का श्रद्धापूर्वक विसर्जन
रायपुर/छत्तीसगढ़। नवरात्रि और विजयादशमी के उत्सव समाप्त होते ही रायपुर शहर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। महादेव घाट विसर्जन कुंड पर गुरुवार को सुबह से देर रात तक 176 बड़ी माता दुर्गा की प्रतिमाओं का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया गया।
भक्त अपने परिवार और समूहों के साथ पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार मां को विदाई देने पहुंचे। शहर के 500 से अधिक पंडालों से प्रतिमाएं विसर्जन स्थल तक लाई गईं। भक्तों ने झांकियों, गीत-संगीत और जयकारों के साथ माता की विदाई दी, जिससे पूरा वातावरण “मां की जय” से गूंज उठा। विसर्जन का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहेगा।
निगम प्रशासन ने महादेव घाट पर विसर्जन के दौरान सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, क्रेन और गोताखोर सहित सभी जरूरी इंतजाम किए। जोन-टीमों को गुरुवार सुबह 6 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक चक्रीय ड्यूटी पर तैनात किया गया। अपर आयुक्त विनोद पांडेय ने स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान जोन-चार कमिश्नर अरुण ध्रुव सहित जोन-एक और आठ के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
