डायल-112 पुलिसकर्मी से मारपीट, वर्दी फाड़ी और 112 गाड़ी जलाने की धमकी

रायपुर। राजधानी रायपुर में डायल-112 के पुलिसकर्मी से मारपीट की घटना सामने आई है। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी और 112 गाड़ी जला देने की धमकी दी। पुलिसकर्मी सार्वजनिक जगह पर शराब पीने की सूचना पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंचे थे। इसके बाद विवाद हुआ। मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
घटना अमलीडीह के जोसेफ कॉलोनी रोड की है। डायल-112 में पदस्थ तुलेश मनहरे ने बताया कि वे जुलाई 2023 से कार्यरत हैं। 11 सितंबर को 112 को सूचना मिली कि कुछ लोग शराब भट्टी के पास सार्वजनिक जगह पर शराब पी रहे हैं। मौके पर पुलिसकर्मी पहुंचे तो चार युवक शराब के नशे में विवाद करने लगे।
उन्होंने गाली-गलौज करते हुए पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और मारपीट की। आरोपियों ने अपना नाम अरुण चौहान, राजेश यादव, राहुल दीवान और रविंद्र भगत बताया। उन्होंने इस दौरान पुलिस जीप को जला देने की धमकी भी दी। बाद में अन्य पुलिसकर्मियों ने चारों को थाने लाया, जहां उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
