रायगढ़ में नशे में धुत शिक्षक ने मचाया बवाल: स्कूल में गाली-गलौज, वीडियो खुद वायरल किया – सरकार ने दी बड़ी चेतावनी

लैलूंगा के सेजेस लारीपाना स्कूल में शराब के नशे में पहुंचे शिक्षक का हंगामा, शिक्षा मंत्री ने सख्त कदम की चेतावनी दी
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड में स्थित सेजेस लारीपाना शासकीय विद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब शिक्षक महेश राम सिदार शराब के नशे में स्कूल पहुंच गए। नशे में धुत शिक्षक ने विद्यालय परिसर में गाली-गलौज और हंगामा किया, जिससे छात्रों और स्टाफ में दहशत फैल गई।
प्रधानपाठक और अन्य शिक्षकों ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन शिक्षक की हरकतें बढ़ती चली गईं। इस दौरान उन्होंने शासकीय कार्य में बाधा भी उत्पन्न की। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
खुद वायरल किया वीडियो
जानकारी के अनुसार, शिक्षक महेश राम सिदार ने नशे की हालत में खुद का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए लैलूंगा थाना और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को शिकायत भेजी है। प्रबंधन ने शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही और निलंबन की मांग की है।
बेमेतरा में भी अधिकारी शराब के नशे में
इसी तरह बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत साजा में एडीओ (सहायक विकास विस्तार अधिकारी) कमलेश साहू शराब के नशे में ऑफिस पहुंचे थे। उनका वीडियो वायरल होने के बाद सीईओ प्रेमलता पद्माकर ने तुरंत उन्हें निलंबित कर दिया।
शिक्षा मंत्री ने दी चेतावनी
लगातार बढ़ते मामलों के बाद शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि अब यदि कोई शिक्षक शराब पीकर स्कूल आता है तो उसके खिलाफ सीधी FIR दर्ज की जाएगी और उसे नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सभी DEO को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
बच्चों का भविष्य सर्वोपरि – मंत्री गजेंद्र यादव
मंत्री ने कहा, “बच्चों का भविष्य हमारे लिए सर्वोपरि है। सरकारी स्कूलों की छवि खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे शिक्षकों को तुरंत बर्खास्त किया जाएगा।”
अभिभावकों की प्रतिक्रिया
रायपुर के एक अभिभावक ने कहा कि, “अगर गुरु ही नशे में रहेंगे तो बच्चों पर गलत असर पड़ेगा। सरकार का यह कदम बेहद सराहनीय है, इससे सरकारी स्कूलों की छवि सुधरेगी।”

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
