रायगढ़ में धान खरीदी से पहले बड़ी कार्रवाई: उड़ीसा से 500 बोरी धान पकड़ा गया, प्रशासन अलर्ट

रेंगलपाली चेकपोस्ट पर उड़ीसा से लाई जा रही 500 बोरी धान जब्त, प्रशासन ने बॉर्डरों पर बढ़ाई निगरानी
रायगढ़। (Raigarh News) धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले ही प्रशासन ने अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की है।
जिले के रेंगलपाली बैरियर के पास चेक पोस्ट पर संयुक्त टीम ने उड़ीसा से आ रहे एक ट्रक को रोका।
जांच में ट्रक से 500 बोरी अवैध धान बरामद की गई।
संयुक्त टीम की त्वरित कार्रवाई
खाद्य विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
जब ट्रक चालक से दस्तावेज मांगे गए, तो संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ट्रक जब्त कर लिया गया।
प्रशासन ने धान खरीदी शुरू होने से पहले ही सख्ती दिखाते हुए
अवैध धान के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
सभी बॉर्डरों पर निगरानी बढ़ाई गई
धान की अवैध आवाजाही रोकने के लिए जिले के सभी राज्य सीमा बिंदुओं पर विशेष चेक पोस्ट बनाए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी सूरत में बाहर से धान लाकर यहां बेचने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसी के तहत लगातार वाहनों की जांच और निगरानी की जा रही है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे
केवल अपने पंजीकृत खातों से ही धान की बिक्री करें और
अवैध परिवहन से दूर रहें।
अधिकारियों का कहना है कि राज्य सरकार की धान खरीदी नीति
का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि
बाहर से धान की अवैध आमद पर पूरी तरह रोक लग सके।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
