डबल मर्डर से रायकेरा में सनसनी: वृद्धा और दामाद की हत्या, बेटी गंभीर हालत में

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रायकेरा गांव में गुरुवार देर रात डबल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। घर में सो रही एक 80 वर्षीय वृद्धा और उसके दामाद की निर्मम हत्या कर दी गई। वहीं महिला की बेटी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतका का नाम सुकमेत सिदार (80 वर्ष) बताया जा रहा है, जबकि दामाद की पहचान लक्ष्मण सिदार (60 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। घायल महिला ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
मुआवजे की रकम पर विवाद की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, मृतका सुकमेत सिदार को हाल ही में जमीन अधिग्रहण का मुआवजा मिला था। आशंका जताई जा रही है कि संपत्ति के विवाद और लालच के चलते ही इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया होगा।
सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने कहा है कि हर पहलू पर तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज वारदात से रायकेरा गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
