PM किसान सम्मान निधि योजना: अब एक ही भूमि खाते से जुड़े हर पात्र परिवार को मिलेगा ₹6000 का लाभ

नई दिल्ली। PM Kishan Nidhi Scheme : केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में बड़ा बदलाव करते हुए स्पष्ट किया है कि यदि एक ही भूमि खाता (Single Landholding) में कई किसान परिवारों के नाम दर्ज हैं, तो प्रत्येक पात्र परिवार को अलग-अलग प्रति वर्ष ₹6000 का लाभ मिलेगा। इस तकनीकी बदलाव से योजना से वंचित किसानों को भी लाभ मिलेगा।
साल 2019 में शुरू हुई इस योजना के तहत केंद्र सरकार पात्र किसानों को प्रति वर्ष 6000 रुपये की वित्तीय सहायता तीन किस्तों में सीधे बैंक खातों में भेजती है। योजना का उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता देकर उनकी आय को स्थिर करना है।
परिवार आधारित लाभ वितरण
अब योजना का लाभ खाता संख्या से नहीं, बल्कि ‘किसान परिवार’ की इकाई के आधार पर दिया जाएगा। ‘किसान परिवार’ में पति-पत्नी और अवयस्क बच्चे शामिल होते हैं। इस बदलाव के बाद एक ही भूमि खाता साझा करने वाले अलग-अलग परिवारों को भी स्वतंत्र रूप से यह सहायता राशि प्राप्त होगी।
छत्तीसगढ़ में 25.47 लाख किसानों को मिला लाभ
फरवरी 2025 में छत्तीसगढ़ राज्य के 25.47 लाख किसानों को 20वीं किस्त के रूप में कुल ₹553.34 करोड़ की सम्मान निधि दी गई थी। यह योजना देशभर के करोड़ों किसान परिवारों को लाभ पहुंचा रही है। योजना की राशि पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है।
कौन नहीं हैं पात्र
योजना के लाभ से सभी संस्थागत भूमि धारक, सांसद-विधायक-मंत्री, संवैधानिक पदधारी, केंद्र-राज्य सरकार के अधिकारी-कर्मचारी (चतुर्थ श्रेणी को छोड़कर), ₹10,000 से अधिक पेंशन पाने वाले और आयकरदाता परिवारों को वंचित रखा गया है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि कोई भी पात्र किसान परिवार योजना से वंचित न रहे, इसके लिए पात्रता की नियमित जांच कर लाभार्थियों को जोड़ा जा रहा है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
