पोते ने एकादशी के दिन दादी को उतारा मौत के घाट, वजह जानकर दंग रह जाएंगे

छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना — शराब पीने से मना करने पर पोते ने अपनी ही दादी की बेरहमी से हत्या कर दी।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। छत्तीसगढ़ के जनकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घोड़घरा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक पोते ने सिर्फ इसलिए अपनी दादी की हत्या कर दी क्योंकि उसने एकादशी के दिन शराब पीने से मना कर दिया था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी दीपक सिंह (40 वर्ष) 2 नवंबर को अपनी दादी बती बाई (62 वर्ष) के घर पहुंचा था। वहां उसने शराब मांगी, लेकिन दादी ने एकादशी होने की बात कहकर उसे मना कर दिया। इससे गुस्से में आकर दीपक ने लोहे के सब्बल से तीन बार दादी के सिर पर वार किया।
दादी अधमरी हो गईं, तो आरोपी ने टंगिया से भी दो और वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दीपक सिंह मध्यप्रदेश के शहडोल भाग गया।
गांव के सरपंच ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव के पास मिले साक्ष्यों के आधार पर शक की सुई दीपक पर जा टिकी। पूछताछ में वह पहले पेंड्रा और फिर शहडोल में होने की झूठी जानकारी देता रहा, लेकिन पुलिस ने 2 दिन के अंदर ही उसे पकड़ लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दीपक ने अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि शराब न देने की बात पर वह बौखला गया था और गुस्से में दादी की जान ले ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सब्बल और टंगिया नाले के पास से बरामद कर लिए हैं। दीपक सिंह को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
