नारायणपुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर मुठभेड़: सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को ढेर किया, अबूझमाड़ के जंगलों में ऑपरेशन जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त (Naxalism Free Chhattisgarh) करने के लिए सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाल लिया है। शुक्रवार सुबह नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों की सीमा से लगे जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ (Encounter) शुरू हुई। ताज़ा जानकारी के अनुसार, इस एनकाउंटर में एक नक्सली ढेर हो गया है, जबकि मारे गए और घायल नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डीआरजी (District Reserve Guard) और एसटीएफ (Special Task Force) की संयुक्त टीम को अबूझमाड़ इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी और उनकी बड़ी मीटिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद जवानों का दल जंगलों की ओर रवाना किया गया।
जैसे ही नक्सलियों ने सुरक्षाबलों का काफिला देखा, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। सुबह करीब 9 बजे से दोनों ओर से गोलीबारी जारी है। घटनास्थल से एक नक्सली का शव बरामद किया गया है। अभियान अभी भी जारी है और अधिकारियों ने कहा है कि जैसे-जैसे तलाशी आगे बढ़ेगी, और जानकारी सामने आएगी।
दंतेवाड़ा एसपी गौरव रॉय ने संयुक्त ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए कहा कि मुठभेड़ फिलहाल नारायणपुर और दंतेवाड़ा की सीमा पर चल रही है।
गौरतलब है कि एक ओर रायपुर में तीन से अधिक राज्यों के सुरक्षाबल अधिकारियों के बीच नक्सल उन्मूलन पर रणनीति बनाई जा रही थी, वहीं दूसरी ओर बस्तर संभाग के जंगलों में जवानों ने एक्शन तेज कर दिया है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
