कोरिया में दर्दनाक हादसा: नदी में गिरा ऑटो, 14 महिलाएं घायल — एक की मौत

बैकुंठपुर जनपद के झरनापारा से लौट रहीं महिलाएं बनीं हादसे की शिकार — नदी पार सुरक्षा इंतजामों की कमी बताई गई वजह।
By - Thaneshwar Sahu
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर जनपद से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सोमवार की रात लगभग 10 बजे झरनापारा के पंडोपारा से लौट रही महिलाओं का ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर छिंदिया के आश्रित ग्राम नकटापारा की नदी में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो ऊंचाई से नीचे गिरा जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। हादसे में देवरानी-जेठानी फूलकुवर और वीरकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर लाया गया, जहां इलाज के दौरान वीरकुमारी की बुधवार सुबह मौत हो गई।
14 महिलाएं घायल, कई की हालत गंभीर
हादसे में कुल 14 महिलाएं घायल हुई हैं, जिनमें पूर्व सरपंच हीरा कुमारी समेत कई ग्रामीण महिलाएं शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इलाज जारी है।
सरपंच ने दर्ज कराई रिपोर्ट
झरनापारा के सरपंच प्रीत कुमार पैकरा ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट पटना थाना में दर्ज करा दी गई है। उन्होंने कहा कि नदी पार सुरक्षा इंतज़ामों की कमी और खराब सड़क की वजह से यह दुर्घटना हुई।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, मांगी सुरक्षा व्यवस्था
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क मरम्मत और सुरक्षा इंतज़ाम की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते उचित व्यवस्था होती, तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
