कोरबा में बेल्ट से बेरहमी, भगवा राज जिंदाबाद चिल्लाता रहा आरोपी; वीडियो वायरल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

सनकी युवक ने दो युवकों को आधे घंटे तक बेल्ट से पीटा, खरमोरा अटल आवास में नशेड़ियों का उत्पात
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां खरमोरा अटल आवास में एक युवक ने दो युवकों की बेल्ट से बेदम पिटाई कर दी। इस दौरान आरोपी लगातार भगवा राज जिंदाबाद के नारे लगा रहा था। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी करीब आधे घंटे तक दोनों युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर बेल्ट से पीटता रहा। इस दौरान पीड़ित युवक बार-बार बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन आसपास खड़े लोग मदद करने के बजाय केवल वीडियो बनाते रहे।
https://x.com/i/status/1974013479414628706
पीड़ितों की पहचान
पीड़ितों की पहचान चंदन महराना (23), निवासी रामनगर और राज कुमार, निवासी अमलइया पारा के रूप में हुई है। दोनों युवकों ने बताया कि आरोपी नशे में था और उनसे पैसे मांग रहा था। पैसे देने से मना करने पर उसने मारपीट शुरू कर दी।
पिटाई के दौरान पीड़ित युवक बार-बार छोड़ने की गुहार लगाते रहे लेकिन आरोपी ने न केवल उन्हें पीटा बल्कि उनका खाना भी जमीन पर फेंक दिया।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि खरमोरा अटल आवास में नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। यहां आए दिन मारपीट और उत्पात की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
पुलिस की कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम विशाल दास बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
