95 वर्षीय महिला की आंखों में छलके आंसू: 25 साल पुराना पीपल काटा गया, ग्रामीणों ने फिर से रोपा आस्था का पेड़

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के सर्रागोदी गांव में 25 साल पुराने पीपल के पेड़ को असामाजिक तत्वों द्वारा काटे जाने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। यह वही पेड़ था जिसे गांव की 95 वर्षीय देवला बाई पटेल ने 25 साल पहले अपने हाथों से लगाया था। जब उन्होंने अपने लगाए पेड़ को कटा देखा, तो भावुक होकर फूट-फूट कर रो पड़ीं।
पेड़ की कटाई की खबर मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और विरोध जताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया और जमीन मालिक के खिलाफ कार्रवाई की। ग्रामीणों ने मांग की कि जहां पेड़ था, वहीं हनुमान मंदिर का निर्माण कराया जाए।
आखिरकार बुधवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, भाजपा पदाधिकारी और सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में उसी स्थान पर फिर से एक नया पीपल का पौधा रोपा गया। इस दौरान देवला बाई ने खुद पौधे का तिलक किया और उसके संरक्षण का संकल्प लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि देवला बाई रोज खैरागढ़ सब्जी बेचने आती थीं और उसी दौरान उन्होंने यह पेड़ लगाया था। वर्षों तक उन्होंने इसकी देखभाल की थी। अब यह पेड़ गांव की आस्था का प्रतीक बन गया था।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग
सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह, जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष बिसेशर साहू, राजू चंद्राकर, शिशिर मिश्रा, शैलेन्द्र त्रिपाठी, घम्मन साहू, युवराज सेन, शेखर पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
