Khairagarh Murder Case: शिक्षक दंपति की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी मौके से गिरफ्तार

खैरागढ़ जिले के गंडई क्षेत्र के रोड अतरिया गांव में तड़के शिक्षक बाबूलाल सोरी और उनकी पत्नी की हत्या से सनसनी। आरोपी भगवती मरकाम गिरफ्तार।
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के गंडई क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई।
रोड अतरिया गांव में भदेड़ा मिडिल स्कूल के शिक्षक बाबूलाल सोरी (55) और उनकी पत्नी सुनती बाई सोरी (50) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। उस समय घर में पति-पत्नी ही मौजूद थे।
बताया गया कि सोरी दंपति के दो बेटे और एक बेटी हैं — बड़ा बेटा भिलाई में पढ़ाई करता है, छोटा बेटा खैरागढ़ में अध्ययनरत है, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है।
आरोपी खेत में भागते हुए गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, हत्या का आरोपी भगवती मरकाम पिता बल्लू मरकाम, निवासी रोड अतरिया, वारदात के बाद भागने की फिराक में था, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे खेत से गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने दंपति पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, परंतु पुलिस का कहना है कि आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
शांत स्वभाव के शिक्षक थे बाबूलाल सोरी
गांववालों ने बताया कि बाबूलाल सोरी शांत स्वभाव और ईमानदार शिक्षक थे, जो भदेड़ा मिडिल स्कूल में लंबे समय से पदस्थ थे।
उनकी हत्या से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की विवेचना जारी है।
स्थानीय लोग दंपति की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
