आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की मौत, परिवारों को 20-20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया है और पीड़ित परिवारों को 20-20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना कुलगाम से करीब 20 किलोमीटर दूर केलाम में हुई। मारे गए युवकों की पहचान दीपक रात्रे (24) और भूपेंद्र भैना (28) के रूप में हुई है।
सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बल घटना स्थल की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चला रही है। दीपक रात्रे सक्ती जिले के बुंदेली गांव और भूपेंद्र भैना सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के छुईहा गांव के रहने वाले थे।
घटना के बाद दोनों गांवों में मातम पसरा है। दीपक अपनी मां, दिव्यांग भाई, पत्नी और 2 वर्षीय बेटे का इकलौता सहारा था। वहीं भूपेंद्र अपने पीछे 2 साल का बेटा, बहन और दादी को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि कश्मीर में ही दोनों का अंतिम संस्कार कराया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के श्रमिकों के हताहत होने की खबर अधित पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार ने मृतकों के परिवार वालों को 20-20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। यह घटना एक बार फिर से कश्मीर में आतंकी हमलों की बढ़ती घटनाओं को उजागर करती है।
आतंकी हमले की खबर के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। वहीं पुलिस की गाड़ियां आतंकियों की तलाश में जुट गई हैं।
यह हमला पहलगाम की तर्ज पर हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया कि आतंकियों ने पहले प्रवासी मजदूरों के नाम पूछे। फिर दो हिंदुओं को समूह से अलग कर नजदीक से गोली मार दी। घटना के समय वहां कई प्रवासी मजदूर मौजूद थे, लेकिन हिंदू सिर्फ यही दोनों थे।
कश्मीर में अगस्त से नवंबर तक सेब की तुड़ाई का मौसम रहता है। ऐसे में श्रमिकों पर हमला आने वाले दिनों में बागवानों की दिक्कतें भी बढ़ा सकता है। सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसियों को हमले में एक स्थानीय और एक विदेशी आतंकी के शामिल होने का संदेह है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। मृतक श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। वहीं, राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के संपर्क में है। पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

CGVARTA
cgvarta.com (छत्तीसगढ़ वार्ता) छत्तीसगढ़ का एक अग्रणी हिंदी समाचार वेब पोर्टल है, जो प्रदेश और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक एवं निष्पक्ष ख़बरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा मुख्य उद्देश्य जनसामान्य की आवाज़ को प्रमुखता से उठाना तथा राजनीति, शासन-प्रशासन, अपराध, विकास, संस्कृति, खेल और जनहित से जुड़ी प्रत्येक महत्वपूर्ण जानकारी को निष्पक्षता के साथ प्रसारित करना है। प्रमुख विशेषताएँ - छत्तीसगढ़ की क्षेत्रीय एवं राज्य-स्तरीय ताज़ा ख़बरें निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता जन-सरोकार से जुड़े मुद्दे एवं विश्लेषणात्मक रिपोर्ट सत्य, निष्पक्षता और त्वरित समाचार के लिए जुड़े रहें cgvarta.com के साथ
