कांकेर में धर्मांतरित व्यक्ति के शव को लेकर बवाल: दफनाने पर दो गुट भिड़े, पुलिसकर्मी घायल

सरपंच के पिता के शव को गांव में दफनाने का विरोध, भीड़ ने कब्र तोड़ी, गांव सील, भारी पुलिस बल तैनात।
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र में धर्मांतरित व्यक्ति के शव को दफनाने को लेकर हालात तनावपूर्ण हो गए। बड़े तेवड़ा गांव में इस मुद्दे पर दो गुट आमने-सामने आ गए, जिसके बाद जमकर मारपीट और झड़प हुई। हालात इतने बिगड़े कि बीच-बचाव में उतरे पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
स्थिति को काबू में करने के लिए प्रशासन ने पूरे गांव को सील कर दिया है और बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। दोनों पक्षों को अलग-अलग इलाकों में सीमित कर दिया गया है। मौके पर वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद हैं और बातचीत के जरिए हालात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बड़े तेवड़ा गांव के सरपंच के पिता ने धर्मांतरण कर लिया था। हाल ही में उनकी मौत के बाद परिवार ने शव को गांव में दफना दिया। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव को कब्र से निकालने की मांग करने लगे।
सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन भीड़ उग्र होती चली गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कब्र को भी नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस पर भी हमला, इलाके में तनाव
झड़प के दौरान हालात काबू से बाहर हो गए और पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। इसके बाद तत्काल अतिरिक्त बल बुलाया गया। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पहले भी हो चुका है ऐसा विवाद
यह पहला मामला नहीं है। पिछले महीने कांकेर विधायक आशाराम नेताम के गृह ग्राम बेवरती में भी धर्मांतरित महिला के शव को दफनाने को लेकर भारी विवाद हुआ था। महिला की मौत के बाद परिजन शव दफनाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और परिवार को घेर लिया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
