कृषि विभाग का सख्त एक्शन: यूरिया की कालाबाजारी करने वाले केंद्र का गोदाम सील

कांकेर। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले में कृषि उत्पादों की कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग ने कड़ा कदम उठाया है। भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम भानबेड़ा में यूरिया की किल्लत का फायदा उठाकर महंगे दाम पर बिक्री करने वाले मेसर्स पटेल कृषि केंद्र के गोदाम को सील कर दिया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व उपसंचालक कृषि जितेन्द्र सिंह कोमरा ने किया। जांच टीम में खाद एवं उर्वरक निरीक्षक अमिनेश गावड़े, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कुलदीप साहू, किरण भंडारी और प्रवीण कवाची शामिल थे।
क्या हुआ था:
शिकायत मिली कि केंद्र के संचालक पंकज पटेल ने यूरिया की एक बोरी 1,000 रुपये में बेची, जबकि इसकी निर्धारित कीमत इससे काफी कम है। जांच के दौरान किसानों की उपस्थिति में गोदाम का निरीक्षण किया गया, लेकिन संचालक मौके पर नहीं पहुंच सके और मोबाइल भी स्विच ऑफ पाया गया।
कृषि विभाग का चेतावनी संदेश:
अधिकारियों ने साफ किया कि सरकार द्वारा तय की गई कीमतों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कालाबाजारी किसानों के अधिकारों का हनन है और उनकी आय और खेती पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे अधिक दर पर उर्वरक बिक्री की जानकारी तुरंत कृषि विभाग को दें।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
