आदिवासी छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, आक्रोशित समाज सड़कों पर – कांग्रेस ने बनाई जांच समिति

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में आदिवासी छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। मामले में अब राजनीति भी गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने घटना की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति गठित की है। इस कमेटी में पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया समेत विधायक, पूर्व विधायक और जिला अध्यक्ष शामिल हैं। समिति जल्द ही घटनास्थल का दौरा कर रिपोर्ट सौंपेगी।
इधर, कबीरधाम एसपी धर्मेंद्र सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वालों को 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।
✊ आदिवासी समाज का गुस्सा फूटा
घटना के बाद आदिवासी समाज सड़कों पर उतर आया। गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग सिग्नल चौक पर एकत्र होकर हाथों में तख्तियां लिए दोषियों के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। उनकी प्रमुख मांगें हैं –
-
आरोपियों की फौरन गिरफ्तारी
-
बलात्कारियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई
-
पीड़िता को उचित मुआवजा
धरना-प्रदर्शन की वजह से सिग्नल चौक पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। समाज ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन और उग्र होगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस पर होगी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
