जशपुर की स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक बदलाव: दो साल में बदली जिले की तस्वीर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज से लेकर एंबुलेंस तक, हर मोर्चे पर बड़ा विकास
जशपुर। सीमित संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझने वाला जशपुर जिला अब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बीते दो वर्षों के दौरान जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना का ऐसा विस्तार हुआ है, जिसने जशपुर को प्रदेश के अग्रणी जिलों की श्रेणी में ला खड़ा किया है।
आधुनिक स्वास्थ्य अधोसंरचना की मजबूत नींव
सरकार द्वारा लिए गए दूरगामी निर्णयों के तहत जशपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए 359 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही 220 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अस्पताल के निर्माण हेतु 32 करोड़ रुपये की मंजूरी मिलना जिले के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।
नए अस्पताल और शिक्षण संस्थान
अखिल भारतीय कल्याण आश्रम परिसर में 35 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अस्पताल का निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है। वहीं जिले में 8.78 करोड़ रुपये की लागत से नर्सिंग कॉलेज भवन निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है, जिससे भविष्य में प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मिली प्राथमिकता
कुनकुरी में 50 बिस्तरों वाले मातृ एवं शिशु अस्पताल का निर्माण 8.77 करोड़ रुपये की लागत से प्रगति पर है। इसके अलावा मुख्यमंत्री की पहल पर फरसाबहार में सत्य साईं मातृत्व एवं शिशु चिकित्सालय की स्थापना शीघ्र की जाएगी, जिससे जशपुर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।
बहुआयामी चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार
स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाते हुए जिले में 14 करोड़ रुपये की लागत से फिजियोथेरेपी कॉलेज तथा 2.62 करोड़ रुपये की लागत से कुनकुरी में नेचुरोपैथी भवन निर्माण को मंजूरी दी गई है।
आपात सेवाओं में ऐतिहासिक विस्तार
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले को 10 नई 108 संजीवनी एंबुलेंस प्रदान की गई हैं। अब जशपुर में कुल 24 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस कार्यरत हैं। इसके अलावा 102 महतारी एक्सप्रेस की 18 एंबुलेंस गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाकर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कर रही हैं। प्रत्येक विकासखंड में शव वाहन की सुविधा से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंची स्वास्थ्य सुविधा
कोतबा में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण को स्वीकृति दी गई है। साथ ही फरसाबहार, दुलदुला और कुनकुरी तहसीलों में 5 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
स्वास्थ्य सुविधा के नए युग में जशपुर
आज जशपुर जिला स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किए गए ये प्रयास न केवल अधोसंरचना विकास को दर्शाते हैं, बल्कि जनता के बेहतर और सुरक्षित भविष्य की दिशा में मजबूत कदम भी साबित हो रहे हैं।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
