झारखंड भेजी जा रही थीं 11 गायें, जशपुर पुलिस की दबिश में चार तस्कर धराए, जानें पूरा मामला

जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं और दो पिकअप वाहन जब्त किए गए हैं।
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने एक बार फिर गौ-तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने झारखंड ले जाए जा रहे कुल 11 गायों को मुक्त कराते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने दो पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं।
पुलिस को 5 अक्टूबर को सूचना मिली कि, गम्हरिया इलाके से कुछ लोग पिकअप वाहन में गायों को भरकर झारखंड की ओर रवाना होने की तैयारी कर रहे हैं। टीम जब मौके पर पहुंची, तो एक संदिग्ध पिकअप वाहन खड़ा मिला। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें तीन गायें स्स्सी से बांधकर रखी हुई थीं। पुलिस ने मौके से दो तस्करों — इमरान मोहम्मद (23) और अयान अहमद (21) को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि, उन्होंने स्थानीय व्यक्ति से गायें खरीदी थीं और उन्हें झारखंड ले जा रहे थे।
इसके बाद पुलिस को दूसरी सूचना मिली कि, दो और तस्कर आठ गायों के साथ जशपुर होते हुए झारखंड जा रहे हैं। पुलिस ने गम्हरिया के धान मंडी के पास नाकेबंदी कर वाहन को पकड़ा। वाहन से आठ गायें बरामद हुईं और आरोपियों सरवर खान (27) और सरफु खान (22) को गिरफ्तार किया गया।
दोनों मामलों में पुलिस ने वाहन, गायें और संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। आरोपियों पर गोवंश संरक्षण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
