जशपुर में पागल कुत्ते का आतंक: दो मासूमों पर हमला, हालत नाजुक; कोरिया में भी 15 लोग घायल

जशपुर के बगीचा में पागल कुत्ते ने दो बच्चों को काटा, गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर; कोरिया जिले में भी आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, 15 लोग घायल।
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पागल कुत्ते के हमले से दो मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना कुरुमकेला मोहल्ले की है, जहां सुबह करीब 9 बजे खेलते समय दोनों बच्चों पर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया।
हमले में दोनों बच्चे लहूलुहान हो गए। परिजनों ने तत्काल उन्हें बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
स्वास्थ्य केंद्र में लचर व्यवस्था
घटना के बाद बगीचा स्वास्थ्य केंद्र की लचर व्यवस्था भी उजागर हुई।
डॉक्टरों की ड्यूटी सुबह 9 बजे की है, लेकिन जब बच्चे भर्ती किए गए तब सिर्फ एक डॉक्टर और कम्पाउडर भरत सिंह मौजूद थे।
इस लापरवाही से परिजनों में नाराजगी देखी गई।
कोरिया जिले में भी कुत्तों का आतंक
वहीं दूसरी ओर, कोरिया जिले के शिवपुर-चरचा क्षेत्र में भी आवारा कुत्तों का आतंक जारी है।
बुधवार देर रात एक पागल कुत्ते ने 15 लोगों को काट लिया, जिनमें चार मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
घटना के बाद लोगों में दहशत और प्रशासन के खिलाफ रोष व्याप्त है।
सभी घायलों को बैकुंठपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, 9 वर्षीय हसन रजा की हालत गंभीर है, जिसे आगे रायपुर एम्स रेफर किया गया है।
लगातार हो रहे हमले, लोग दहशत में
घटना के अगले ही दिन गुरुवार सुबह ऑफीसर कॉलोनी में एक और महिला पर कुत्ते ने हमला कर दिया।
लगातार हो रहे इन हमलों के कारण लोग घर से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।
अस्पताल ने रेबीज इंजेक्शन देने से किया इंकार
घायलों को एसईसीएल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने आम नागरिकों को रेबीज इंजेक्शन देने से मना कर दिया।
इससे लोगों में और अधिक नाराजगी फैल गई। उन्होंने नगर निगम और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों की मांग
लोगों ने मांग की है कि नगर पालिका आवारा कुत्तों को पकड़ने और टीकाकरण अभियान शुरू करे, ताकि ऐसे हमले दोबारा न हों।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
