छत्तीसगढ़ में 22 सितंबर से लागू होगा GST 2.0, किसानों और व्यापारियों को होगा बड़ा लाभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर रवाना होते समय ऐलान किया कि 22 सितंबर से पूरे छत्तीसगढ़ में GST 2.0 लागू होगा। नए प्रावधान के तहत अब जीएसटी की चार स्लैब घटाकर दो कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले 28% का स्लैब था, जिसे घटाकर अब 18% कर दिया गया है। यानी 10% की बड़ी राहत दी गई है।
उन्होंने कहा कि इस बदलाव से उद्योग-व्यापार को सीधा लाभ मिलेगा और खासकर किसानों की लागत में भारी कमी आएगी। कृषि उपकरण और कीटनाशकों की कीमतें कम होने से अन्नदाता भाइयों को फायदा होगा।
एशिया कप में भारत की जीत का भरोसा
दुबई में हो रहे एशिया कप क्रिकेट मैच पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा रोमांचक होता है और इस बार भी इंडिया की जीत तय है।
बस्तर प्रवास और सामाजिक कार्यक्रम
सीएम विष्णु देव साय ने अपने बस्तर प्रवास को लेकर जानकारी दी कि वे दो समाजों के कार्यक्रमों में शामिल होंगे और नए सामाजिक भवन का उद्घाटन करेंगे।
राजधानी में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होगी
इसी बीच उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि रायपुर में जल्द ही पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए तैयारी शुरू हो चुकी है और अब पुलिस को जीरो पॉइंट पर निर्णय लेने का अधिकार मिलेगा। यह व्यवस्था अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई में अहम साबित होगी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
