गरियाबंद में लोधिया तालाब हत्या कांड का खुलासा, 48 घंटे में पुलिस की बड़ी सफलता

दो बाल अपचारी समेत चार आरोपी गिरफ्तार, मृतक की पहचान दुर्गेश साहू के रूप में हुई
गरियाबंद। जिले के राजिम थाना क्षेत्र में हुए लोधिया तालाब हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझा लिया। इस मामले में पुलिस ने दो बाल अपचारियों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना राजिम और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
दरअसल, 30 अक्टूबर को लोधिया तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। जांच के दौरान यह मामला हत्या का निकला। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि राजिम निवासी देवेन्द्र धीवर उर्फ देव, थनेन्द्र साहू उर्फ भोलू और दो विधि से संघर्षरत बालक उस दिन मृतक के साथ देखे गए थे।
पुलिस ने जब आरोपियों से पूछताछ की, तो उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर की शाम उन्होंने मृतक दुर्गेश साहू को लोधिया तालाब के पास बुलाया था। उधारी का पैसा मांगने पर विवाद हुआ और गुस्से में चारों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
जब दुर्गेश ने शोर मचाना शुरू किया, तो देवेंद्र ने पास में रखी पानी पाउच की बोरी उसके मुंह में ठूंस दी। इसके बाद चारों ने पत्थर और लात-घूंसों से हमला कर हत्या कर दी।
हत्या छिपाने के लिए शव के हाथ-पैर और कमर में पत्थर बांधकर उसे तालाब में फेंक दिया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों — देवेन्द्र धीवर उर्फ देव (18), थनेन्द्र साहू उर्फ भोलू (20) और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
