गरियाबंद मुठभेड़: 10 नक्सली ढेर, जवानों ने मनाया जश्न

By - thaneshwar sahu
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। राजाडेरा मटाल पहाड़ी पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच 24 घंटे तक चली भीषण मुठभेड़ में जवानों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया। मुठभेड़ के बाद जवानों ने 'भारत माता की जय' और 'बजरंगबली की जय' के जयघोष लगाकर जश्न मनाया।
सूत्रों के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में केंद्रीय कमेटी का एक करोड़ का इनामी नक्सली मोडेम बालाकृष्णा उर्फ मनोज, ओडिशा राज्य कमेटी के 25 लाख के इनामी नक्सली प्रमोद उर्फ पंडरन्ना, विमल उर्फ जाडी वेंकट समेत कुल 10 नक्सली शामिल हैं, जिनमें 4 महिला और 6 पुरुष हैं।
मुठभेड़ स्थल से एके-47, इंसास, एस.एल.आर. जैसे ऑटोमैटिक हथियारों सहित कुल 10 हथियार और भारी मात्रा में नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है। मारे गए सभी नक्सलियों के शवों को गरियाबंद जिला मुख्यालय लाया गया है, जहां से उन्हें रायपुर भेजकर शिनाख्त कराई जाएगी।
गरियाबंद पुलिस की E-30, STF, CAF और COBRA 207 की संयुक्त टीम को नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी। टीम सर्चिंग पर निकली और राजाडेरा मटाल पहाड़ी क्षेत्र में पहुंची, जहां नक्सलियों ने घात लगाकर जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने 10 नक्सलियों को ढेर कर दिया।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
