रायपुर के मैदान से पूरी दुनिया देखेगी छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का हुनर

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के स्ट्रीमिंग पार्टनर जियोहॉटस्टार द्वारा लीग के सभी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। मैदान के साथ ही जियोहॉटस्टार पर दर्शकों को 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रोजाना शाम 5:30 बजे से विश्व स्तरीय हॉकी के 18 रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे।
रायपुर (CGVARTA)। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के स्ट्रीमिंग पार्टनर जियोहॉटस्टार द्वारा लीग के सभी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। मैदान के साथ ही जियोहॉटस्टार पर दर्शकों को 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रोजाना शाम 5:30 बजे से विश्व स्तरीय हॉकी के 18 रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारत की पहली आधिकारिक राज्य हॉकी लीग है, जिसे हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त है। इसमें राज्य के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी शामिल होंगी। यह मुकाबला लीग फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी और फाइनल मुकाबला 1 नवंबर 2026 को आयोजित होगा।
इस लीग में भारतीय हॉकी के कई दिग्गज खिलाड़ी मार्की खिलाड़ियों के रूप में शामिल हैं। ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम जैसे दिग्गज इन छह फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करेंगे। पुरुषों की इस प्रतियोगिता के साथ-साथ, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा टूर्नामेंट के पहले दिन महिलाओं के प्रोत्साहन के लिए एक विशेष प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने बताया कि यह लीग भारतीय हॉकी इतिहास का एक शानदार अध्याय है। जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग होने से राज्य के खिलाड़ियों का हुनर राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर देखा जा सकेगा।
“चलो रे संगी हॉकी खेलबो” टैगलाइन के साथ यह लीग छत्तीसगढ़ की खेल पहचान और क्षेत्रीय गौरव को रेखांकित करेगी। खेल प्रेमियों की सुविधा के लिए मैच जियोहॉटस्टार पर प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रसारित होंगे, जिससे यह करोड़ों दर्शकों तक आसानी से पहुंचेंगे।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
