भिलाई में लव अफेयर का खौफनाक अंत: गर्लफ्रेंड के भाइयों ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला

लड़की के घर मिलने पहुंचा था युवक, भाइयों और रिश्तेदारों ने बेरहमी से की पिटाई — सिर पर चोट लगने से मौके पर मौत, दो गिरफ्तार।
भिलाई (छत्तीसगढ़)। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में एक प्रेम प्रसंग ने हिंसक रूप ले लिया, जब गर्लफ्रेंड के भाइयों और रिश्तेदारों ने मिलकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
घटना मंगलवार सुबह की है। मृतक की पहचान विक्की उर्फ धीरज सरोज (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था, तभी युवती के भाइयों को इसकी जानकारी लगी। गुस्से में उन्होंने अपने रिश्तेदारों को बुलाया और मिलकर युवक को इतना मारा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि युवक और युवती दोनों एक ही मोहल्ले में रहते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक ने युवती को फोन कर मिलने के लिए बुलाया था, जबकि युवती बार-बार मना कर रही थी। बावजूद इसके वह घर पहुंच गया। इसी दौरान लड़की का भाई सूरज घर लौट आया और दोनों को साथ देख लिया।
इसके बाद सूरज ने अपने मामा के बेटे सुधांशु और तीन अन्य लोगों को बुलाया। सभी ने मिलकर युवक की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
मां का आरोप – लड़की ही बुलाने आई थी
मृतक की मां शोभा सरोज ने आरोप लगाया कि लड़की ही उनके बेटे को बुलाने आई थी। उन्होंने बताया कि “मेरा बेटा घर से उसके साथ गया और थोड़ी देर बाद मोहल्ले वालों ने बताया कि उसे मार दिया गया है।”
उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पांच आरोपी बनाए गए, दो गिरफ्तार
थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि हत्या के इस मामले में 5 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जिनमें सूरज और सुधांशु को हिरासत में लिया गया है। बाकी तीन आरोपी फरार हैं।
मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है और पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
