अमित बघेल की तलाश में छापेमारी: पुलिस पहुंची घर, पीछे के रास्ते से फरार, महापुरुषों पर विवादित टिप्पणी मामला गर्माया

रायपुर और दुर्ग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, चार राज्यों में दर्ज एफआईआर — SSP बोले, “कानूनी कार्रवाई होगी, शांति बनाए रखें।”
रायपुर और दुर्ग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, चार राज्यों में दर्ज एफआईआर — SSP बोले, “कानूनी कार्रवाई होगी, शांति बनाए रखें।”
By - Thaneshwar Sahu
रायपुर। छत्तीसगढ़ में महापुरुषों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
रविवार को पुलिस टीम छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल को गिरफ्तार करने उनके रायपुर स्थित घर पहुंची, लेकिन वे पीछे के रास्ते से फरार हो गए।
पुलिस टीम ने घर पर तलाशी ली और कई घंटे तक डेरा जमाए रखा, जबकि अमित बघेल का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिला।
फिलहाल पुलिस की कई टीमें प्रदेश और बाहर के राज्यों में उनकी तलाश कर रही हैं।
घर पर पुलिस की दबिश, लेकिन आरोपी फरार
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि
अमित बघेल के खिलाफ थाना कोतवाली और देवेंद्रनगर में एफआईआर दर्ज है।
“बीती रात दुर्ग और रायपुर पुलिस ने अमित बघेल के घर और उनके करीबियों के ठिकानों पर दबिश दी।
लेकिन वह गिरफ्तारी से पहले ही फरार हो गया।
उसकी तलाश में कई टीमें छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में रवाना की गई हैं।”
SSP का वीडियो संदेश – ‘शांति बनाए रखें’
रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा —
“अमित बघेल और अन्य के खिलाफ दर्ज प्रकरण की विवेचना जारी है।
सभी समुदायों से अपील है कि एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप से बचें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।
पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करेगी, कृपया अफवाहों से दूर रहें।”
क्या है पूरा मामला?
26 अक्टूबर को रायपुर के वीआईपी चौक (तेलीबांधा थाना क्षेत्र) में
छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा टूटी हुई मिली थी।
यह प्रतिमाएं कांग्रेस सरकार के समय लगाई गई थीं और छत्तीसगढ़ की संस्कृति और अस्मिता का प्रतीक मानी जाती हैं।
घटना के बाद छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार पार्टी के सदस्य मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन किया।
इस दौरान अमित बघेल ने कथित रूप से
महापुरुषों — महाराजा अग्रसेन, पं. दीनदयाल उपाध्याय और भगवान झूलेलाल के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
उनके इस बयान का वीडियो वायरल होने के बाद
राज्य में तनाव का माहौल बन गया और विभिन्न संगठनों ने एफआईआर दर्ज कराई।
चार राज्यों में दर्ज हुए केस
मामले को लेकर अब चार से अधिक राज्यों में
अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
सोशल मीडिया पर भी उनके बयान की कड़ी आलोचना हो रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मनोज कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया है,
जो प्रतिमा तोड़ने में शामिल था।
बताया जा रहा है कि मनोज मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
पुलिस की अपील – अफवाहों से रहें दूर
प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि
“किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
