सांसद विजय बघेल की लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत: 2 आईएएस अधिकारियों पर विशेषाधिकार हनन का आरोप

दुर्ग सांसद विजय बघेल ने लोकसभा अध्यक्ष से दो आईएएस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत की है। अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने बिना टेंडर प्रक्रिया के काम शुरू किए और जनप्रतिनिधियों को जानकारी नहीं दी।
दुर्ग सांसद विजय बघेल ने लोकसभा अध्यक्ष से दो आईएएस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत की है। इन अधिकारियों में भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और भिलाई-चरोदा नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त डीएस राजपूत शामिल हैं। सांसद का आरोप है कि दोनों अधिकारियों का जनप्रतिनिधियों के प्रति रवैया ठीक नहीं था।
विजय बघेल ने बताया कि शिकायत किसी एक मामले को लेकर नहीं, बल्कि लंबे समय से अधिकारियों के काम करने के तरीके को लेकर की गई है। दोनों अधिकारी जनप्रतिनिधियों को कोई जवाब नहीं देते थे और मनमाने तरीके से काम कर रहे थे।
बिना टेंडर प्रक्रिया के काम शुरू करने का आरोप सांसद विजय बघेल ने आरोप लगाया कि नगर निगमों में कई विकास कार्य बिना टेंडर प्रक्रिया पूरी किए शुरू कर दिए गए और बाद में उनका भुगतान भी कर दिया गया। इसके बाद औपचारिक रूप से टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई। जब इन मामलों की जानकारी मांगी गई तो अधिकारियों ने कोई जवाब नहीं दिया।
सांसद ने कहा कि कई बार फोन करने पर भी अधिकारी कॉल रिसीव नहीं करते थे। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार की योजनाओं, विशेषकर स्वच्छता अभियान और 15वें वित्त आयोग की राशि से जुड़े कार्यों में भी अनियमितताएं हुईं। कई बार टेंडर जारी किए गए, फिर रद्द कर दिए गए और दोबारा प्रक्रिया शुरू की गई। इन मामलों में सवाल पूछने पर भी कोई सहयोग नहीं मिला।
सांसद विजय बघेल ने बताया कि उन्होंने 18 मई को पूरे मामले की शिकायत लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर की थी। उन्होंने इसे सांसद के विशेषाधिकारों से जुड़ा मामला बताया। शिकायत के बाद लोकसभा सचिवालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के माध्यम से राज्य शासन से जवाब तलब किया है। अब शासन और संबंधित अधिकारियों के जवाब पर सभी की नजर रहेगी।

CGVARTA
cgvarta.com (छत्तीसगढ़ वार्ता) छत्तीसगढ़ का एक अग्रणी हिंदी समाचार वेब पोर्टल है, जो प्रदेश और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक एवं निष्पक्ष ख़बरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा मुख्य उद्देश्य जनसामान्य की आवाज़ को प्रमुखता से उठाना तथा राजनीति, शासन-प्रशासन, अपराध, विकास, संस्कृति, खेल और जनहित से जुड़ी प्रत्येक महत्वपूर्ण जानकारी को निष्पक्षता के साथ प्रसारित करना है। प्रमुख विशेषताएँ - छत्तीसगढ़ की क्षेत्रीय एवं राज्य-स्तरीय ताज़ा ख़बरें निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता जन-सरोकार से जुड़े मुद्दे एवं विश्लेषणात्मक रिपोर्ट सत्य, निष्पक्षता और त्वरित समाचार के लिए जुड़े रहें cgvarta.com के साथ
