दुर्ग में नाबालिग छात्र की फांसी से मौत, प्रेम और पैसों के विवाद में उजागर हुआ दर्दनाक सच

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ एक नाबालिग छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। यह मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान 17 वर्षीय एस. भार्गव के रूप में हुई है। वह 12वीं कक्षा का छात्र था और उसके माता-पिता दुर्ग-भिलाई में टेंट हाउस चलाते हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात खाना खाने के बाद नाबालिग ने गोदाम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अगले दिन सुबह उसकी माँ जब गोदाम पहुंची तो बेटे का शव वहां पाया। इस घटना के बाद पूरे परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। भिलाई नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें प्रेम प्रसंग में धोखा और पैसों के लेन-देन का जिक्र है।
परिवार के अनुसार, मृतक माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसे गोद लिया गया था। बताया गया कि उसका किसी लड़की के साथ प्रेम संबंध चल रहा था, लेकिन हाल ही में उनका संबंध टूट गया। प्रेम प्रसंग में धोखा मिलने के बाद वह उदास रहने लगा था। इसके अलावा पैसों को लेकर भी कुछ विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सटीक वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
