web-logo
  • छत्तीसगढ़

    |

    राष्ट्रीय |
    देश – विदेश |
    खेल |
    मनोरंजन |
    धर्म – संस्कृति |
    लाइफस्टाइल |
  • Stories
  • E-papers
      • छत्तीसगढ़

        CG NEWS : धर्मांतरण के आरोप पर बवाल, बजरंग दल और ईसाई समुदाय आमने-सामने

        Niraj TiwariNiraj Tiwari
        Sep 14, 2025, 6:47 PM
        CG NEWS : धर्मांतरण के आरोप पर बवाल, बजरंग दल और ईसाई समुदाय आमने-सामने
        Share :
        14px16px18px20px22px24px
        Speed:

         

        दुर्ग : जिले में एक बार फिर धर्मांतरण का मुद्दा गरमा गया है। रविवार को पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जेल रोड स्थित बाफना मंगलम के पास एक मकान में प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। इसी दौरान पड़ोसियों ने इसकी सूचना बजरंग दल को दी। आरोप लगाया गया कि प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण कराया जा रहा है।

        जानकारी मिलते ही बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और जय श्रीराम के नारे लगाने लगे। उन्होंने वहीं पर हनुमान चालीसा का पाठ भी शुरू कर दिया।

        दुर्ग के पद्मनाभपुर में प्रार्थना सभा को लेकर बड़ा बवाल हो गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना था कि ईसाई समुदाय द्वारा लगातार धर्मांतरण कराया जा रहा है। इस दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की तथा झड़प की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान जॉन नामक व्यक्ति ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से हाथापाई की।

        बजरंग दल की छत्तीसगढ़ इकाई की कार्यकर्ता ज्योति शर्मा ने कहा कि जॉन इस तरह के मामलों में हमेशा सक्रिय रहता है और उसे बाहर से फंडिंग मिल रही है। शर्मा ने प्रशासन से मांग की कि जॉन को जिला बदर किया जाए, अन्यथा आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उसकी बैंक डिटेल की जांच करने की भी मांग उठाई गई।

        स्थिति को संभालने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन जब पुलिस पादरी को अपने साथ थाने ले जाने लगी, तो भीड़ ने गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा और बड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग किया गया।

        दुर्ग शहर एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पुलिस टीम को प्रार्थना सभा की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर बजरंग दल और ईसाई समाज के लोग आपस में भिड़ गए और कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित हो गई। दोनों पक्षों को समझाइश दी गई है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

        इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, बजरंग दल का कहना है कि यदि इस प्रकार की गतिविधियां जारी रहीं, तो वे बड़े आंदोलन की राह पकड़ेंगे।

        Niraj Tiwari
        author

        Niraj Tiwari

        Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.

        nextArticle