जवानों ने नक्सलियों की साजिश नाकाम की, 5 किलो का कूकर बम बरामद कर किया ब्लास्ट

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है।
CRPF 195वीं बटालियन, बारसूर और मालेवाही थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 5 किलो वजनी प्रेशर कुकर में लगाए गए IED बम को बरामद कर मौके पर ही निष्क्रिय (डिफ्यूज़) कर दिया।
सातधार–मालेवाही मार्ग पर बिछाया गया था बम
जानकारी के अनुसार, सातधार-मालेवाही मार्ग पर नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से IED प्लांट किया था।
जवानों ने गश्त के दौरान संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर क्षेत्र की तलाशी ली और कूकर बम मिलने पर बम डिस्पोजल टीम को बुलाया।
टीम ने सतर्कता से बम को निष्क्रिय किया। बताया गया कि इसमें लगभग 5 किलो विस्फोटक सामग्री भरी हुई थी।
सितंबर में इसी क्षेत्र में हुए थे धमाके
उल्लेखनीय है कि 11 सितंबर 2025 को इसी इलाके में IED ब्लास्ट हुआ था, जिसमें दो CRPF जवान घायल हो गए थे।
उस घटना के बाद से जवान लगातार इलाके में ऑपरेशन और इंटेलिजेंस कलेक्शन में जुटे हुए थे। इसी दौरान यह नया बम बरामद किया गया।
नक्सलियों का अमानवीय चेहरा फिर उजागर
दूसरी ओर, बीजापुर जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र में नक्सलियों की क्रूरता का एक और मामला सामने आया है।
यहां बंदेपारा क्षेत्र में IED ब्लास्ट की चपेट में आने से एक महिला नक्सली घायल हो गई।
लेकिन उसके साथी उसे छोड़कर हथियार लेकर जंगल में भाग गए।
🤝 पुलिस ने दिखाई मानवता
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला नक्सली गुज्जा सोढ़ी को उपचार के लिए बीजापुर जिला अस्पताल भेजा।
वह बीते 6-7 वर्षों से मद्देड़ एरिया कमेटी में सक्रिय सदस्य थी और अपने साथ 12 बोर का हथियार रखती थी।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल महिला की स्थिति स्थिर है और उससे पूछताछ जारी है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
