CG NEWS: सरगुजा में गन्ने के खेत में गौहत्या, एक आरोपी गिरफ्तार — कई फरार

सीतापुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में गौहत्या करते रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी, 30 किलो मांस बरामद
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में गौहत्या के मामलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत राजापुर का है, जहां सोमवार देर रात गन्ने के खेत में गौहत्या कर मांस बांटने की तैयारी की जा रही थी।
ग्रामीणों की सूचना पर सीतापुर पुलिस ने तत्काल दबिश दी। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि कई अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 30 किलो गौमांस और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
पुलिस को संदेह है कि इस कृत्य में 12 से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि फरार आरोपियों तक भी पहुंचा जा सके।
गौरतलब है कि ठीक एक महीने पहले भी सीतापुर थाना क्षेत्र के बटईकेला गांव में इसी तरह का गौहत्या का मामला सामने आया था, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
