रायपुर में नवरात्रि की धूम, CM विष्णु देव साय ने गरबा उत्सव में बढ़ाया उत्साह

रायपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर गरबा के रंग में सराबोर दिखा। जगह-जगह आयोजित गरबा महोत्सवों में लोग उल्लास और उमंग के साथ शामिल हुए। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी रविवार देर रात कई गरबा कार्यक्रमों में भाग लिया।
सीएम साय भानपुरी स्थित श्री कच्छ कड़वा पाटीदार समाज के आयोजन, श्री गुजराती लोहाणा महाजन समाज के ‘झणकारो 2025’, इनडोर स्टेडियम में ‘रंगीलो रास 2025’ और ओमाया पार्क में हुए ‘रास गरबा उत्सव’ में पहुंचे। आयोजकों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक कच्छ पगड़ी पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया। गरबा की धुनों और रंगारंग माहौल में उनकी मौजूदगी से लोगों में उत्साह और जोश और भी बढ़ गया।
सीएम ने दी नवरात्र की बधाई
सीएम साय ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व सामाजिक समरसता और ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती मां दंतेश्वरी (दंतेवाड़ा), मां अंगारमोती (धमतरी), मां महामाया (रतनपुर और सरगुजा) और मां बम्लेश्वरी (डोंगरगढ़) जैसे शक्तिपीठों से समृद्ध है, जिनसे प्रदेश की आस्था और सांस्कृतिक पहचान जुड़ी हुई है।
'बचत उत्सव' और स्वदेशी का संदेश
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू किए गए जीएसटी रिफॉर्म्स से देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। इससे व्यापार सुगम हुआ है और उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने ‘बचत उत्सव’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों की जेब में बचत बढ़ी है और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि बाजार में खरीदारी के दौरान स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें। स्वदेशी अपनाने से न केवल देश की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी बल्कि स्थानीय उत्पादन और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
