चिरमिरी में सड़क किनारे मांस-मछली बिक्री से नाराज बजरंग सेना महिला विंग, निगम को दी चेतावनी

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के सबसे बड़े शहर चिरमिरी में खुले में मांस और मछली की बिक्री को लेकर विवाद तेज हो गया है। श्री बजरंग सेना महिला विंग ने नगर पालिका निगम के कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है।
संगठन की प्रदेश अध्यक्ष भारती सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि, खुले में सड़कों के किनारे मांस और मछली की बिक्री तुरंत बंद करवाई जाए और इसे एक व्यवस्थित स्थान पर संचालित किया जाए।
भारती सिंह ने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर निगम प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो संगठन उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि खुले में मांस और मछली की बिक्री से राहगीरों, छात्रों, पुजारियों और शाकाहारी लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र के कई हिस्सों में सड़क किनारे यह बिक्री हो रही है, जिससे स्वच्छता और धार्मिक आस्थाओं को खतरा है। बजरंग सेना ने प्रशासन से तुरंत समाधान की मांग की है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
