छत्तीसगढ़: हफ्तेभर से अंधेरे में डूबा गांव, बारिश में सैकड़ों ग्रामीणों ने सब स्टेशन का किया घेराव

नीचेकोहडा गांव में बिजली आपूर्ति ठप, गुस्साए ग्रामीणों ने कौड़ीकसा पावर हाउस पर जताया आक्रोश
मोहला। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम नीचेकोहडा के लोग पिछले एक सप्ताह से बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का सब्र टूट गया। शनिवार को सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष ग्रामीण कौड़ीकसा सब स्टेशन पहुंचे और पावर हाउस का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना है कि नवरात्र पर्व पर गांव में धार्मिक आयोजन चल रहे हैं, लेकिन अंधेरे में उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है।
लंबे समय से जमे कर्मचारी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कौड़ीकसा विद्युत विभाग में वर्षों से कर्मचारी जमे हुए हैं, जिनकी कार्यप्रणाली से पूरा वनांचल क्षेत्र परेशान है। ग्राम सरपंच रोशनी कोमा और उप सरपंच सुजानिक निर्मलकर ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी सुधार नहीं हुआ।
अफसर रहते नहीं तैनाती स्थल पर
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि सब स्टेशन का जिम्मा संभालने वाले अफसर यहां निवास नहीं करते, बल्कि दूसरी जगह से काम देखते हैं। इससे शिकायत दर्ज करने और समाधान की प्रक्रिया बाधित होती है।
घटना की सूचना मिलते ही अंबागढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि जब तक नियमित और पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
