छत्तीसगढ़ शिक्षक सम्मान: राज्यपाल रमेन डेका और सीएम विष्णु देव साय ने 64 शिक्षकों को सम्मानित किया

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज शिक्षक दिवस के अवसर पर राजभवन स्थित छत्तीसगढ़ मण्डपम् में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में वर्ष 2024 के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश के 64 शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि राज्यपाल डेका ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा मानव के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है और शिक्षक अपने विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल होते हैं।” उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को गेम चेंजर बताते हुए मातृभाषा में शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि “शिक्षक सच्चे राष्ट्र निर्माता हैं। दीपक की तरह वे स्वयं जलकर समाज में ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं।” उन्होंने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में हुए विस्तार और हर बच्चे तक शिक्षा पहुँचाने के लिए उठाए गए कदमों का उल्लेख किया।
इस मौके पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने राज्य शिक्षक सम्मान वर्ष 2025 के लिए चयनित शिक्षकों के नामों की घोषणा की।
विशेष पुरस्कार:
-
डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार – अजय कुमार चतुर्वेदी (सूरजपुर)
-
गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार – रमेश कुमार चंद्रवंशी (कबीरधाम)
-
डॉ. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति पुरस्कार – सुनीता यादव (सारंगढ़-बिलाईगढ़)
-
डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार – भोजराम पटेल (रायगढ़)
इसके अलावा प्रधान पाठक, व्याख्याता, शिक्षक एलबी, सहायक शिक्षक समेत कुल 64 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह में स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, संचालक ऋतुराज रघुवंशी, विधायक पुरन्दर मिश्रा, राज्यपाल की धर्मपत्नी रानी डेका काकोटी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
