मार्च तक नक्सलमुक्त होगा छत्तीसगढ़, किसान-महिला-युवा विकास सरकार की प्राथमिकता

छत्तीसगढ़ सरकार ने मार्च तक राज्य को नक्सलवाद से मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही, किसान, महिला और युवा वर्ग के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यह कदम राज्य में शांति और समृद्धि लाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
बिलासपुर (CGVARTA)। छत्तीसगढ़ शांति, विकास और सुशासन की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि मार्च 2026 तक राज्य पूरी तरह नक्सलमुक्त हो जाएगा और बस्तर विकास की मुख्यधारा में मजबूती से शामिल होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं और वीर जवानों को नमन करने का अवसर है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान ने समानता, स्वतंत्रता और न्याय की मजबूत नींव रखी है।
रजत जयंती वर्ष में ऐतिहासिक उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर नये विधानसभा भवन का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया, जो छत्तीसगढ़ी अस्मिता और लोकतांत्रिक परंपराओं का प्रतीक है। यह भवन धान की बालियों और बस्तर-सरगुजा की लोककला से सुसज्जित है।
नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और सुरक्षा बलों की बहादुरी से माओवादी हिंसा पर निर्णायक नियंत्रण पाया गया है। बड़ी संख्या में भटके हुए लोग मुख्यधारा में लौट रहे हैं, हथियार छोड़कर संविधान का मार्ग अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब भय नहीं, विकास का सूरज उग रहा है।
किसानों को मिला संबल
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में किसानों को धान का सर्वश्रेष्ठ मूल्य मिल रहा है। अब तक 149 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, दो वर्षों में 1.5 लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में अंतरित, अटल सिंचाई योजना के तहत 115 सिंचाई परियोजनाओं को पूरा किया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण और आवास क्रांति
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में अब तक 26 लाख से अधिक पक्के मकान स्वीकृत किए जा चुके हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब 15 मेडिकल कॉलेज स्वीकृत हो चुके हैं, MBBS की पढ़ाई हिंदी में शुरू की गई है। नवा रायपुर को एडु-सिटी, आईटी हब और एआई डेटा सेंटर हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। नई औद्योगिक नीति से अब तक 7.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
संस्कृति, पर्यटन और खेलों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स, बस्तर पंडुम और धार्मिक-पर्यटन योजनाओं से छत्तीसगढ़ की पहचान राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है। चित्रकोट जलप्रपात, मैनपाट, जशपुर और कोपरा जलाशय जैसे स्थलों पर पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
सुशासन और आर्थिक प्रगति
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस, ई-ऑफिस, बायोमेट्रिक उपस्थिति और जेम पोर्टल से प्रशासन में पारदर्शिता आई है। राज्य की जीएसडीपी 3.29 लाख करोड़ रुपये और प्रति व्यक्ति आय 1.62 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
