छत्तीसगढ़ विधानसभा : ई-विधान एप के क्रियान्वयन के लिए हुई 2 दिन प्रशिक्षण

छत्तीसगढ़ विधानसभा की विधायी कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुगम, सुव्यवस्थित एवं पेपरलेस बनाने की दिशा में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा - नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उपयोग को लेकर 3 एवं 4 नवंबर को आयोजित वो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
डिजिटल एवं पेपरलेस विधानसभा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
रायपुर (CGVARTA)। छत्तीसगढ़ विधानसभा की विधायी कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुगम, सुव्यवस्थित एवं पेपरलेस बनाने की दिशा में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा - नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उपयोग को लेकर 3 एवं 4 नवंबर को आयोजित वो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विधानसभा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नेवा प्लेटफॉर्म की विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक सुविधाओं से परिचित कराना तथा विधायी प्रक्रियाओं में डिजिटल कार्यप्रणाली को प्रोत्साहित करना था।
प्रशिक्षण के दौरान भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय (MoPA) के NeVA समन्वयक अमन गौतम एवं श्रीधर स्वामी द्वारा एप्लीकेशन के विभिन्न मॉड्यूल, जिनमें एडमिन मॉड्यूल, प्रश्न मॉड्यूल एवं समिति मॉड्यूल प्रमुख हैं, का विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को डिजिटल माध्यम से प्रश्न एवं सूचनाएँ प्रस्तुत करने, विधायी दस्तावेजों के प्रबंधन, सदन की कार्यवाही से संबंधित जानकारियों के ऑनलाइन आदान-प्रदान तथा नेवा की विभिन्न सुविधाओं के उपयोग की जानकारी ही गई।
कार्यक्रम में विधानसभा, चिप्स तथा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के अधिकारी एवं कर्मचारियो ने सहभागिता प्रदान की। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है। इसका उद्देश्य देश की विधानसभाओं को आधुनिक सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी से जोड़ते हुए विधायी कार्यों को डिजिटल एवं पेपरलेस स्वरूप प्रदान करना है। यह प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेवा के प्रभावी उपयोग, तकनीकी क्षमता निर्माण तथा डिजिटल एवं पेपरलेस विधायी कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

