छत्तीसगढ़ हॉकी लीग : इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फॉल्कन्स को 4-1 से दी मात

छत्तीसगढ़ में खेल इतिहास के एक स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत हो चुकी है। राज्य में हॉकी के नए युग का आगाज करते हुए भव्य 'छत्तीसगढ़ हॉकी लीग' का औपचारिक शुभारंभ हो गया है।
रायपुर (CGVARTA)। छत्तीसगढ़ में खेल इतिहास के एक स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत हो चुकी है। राज्य में हॉकी के नए युग का आगाज करते हुए भव्य 'छत्तीसगढ़ हॉकी लीग' का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। प्रतियोगिता में इंद्रावती टाइग्रेस की टीम ने महानदी फॉल्कन्स को 4-1 के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी।
खिलाड़ियों और प्रेमियों में भारी उत्साह
राजधानी रायपुर में आयोजित इस बहुप्रतीक्षित लीग को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मैदान पर उमड़ी दर्शकों की भीड़ और खिलाड़ियों का जोश यह बता रहा है कि यह आयोजन राज्य में हॉकी के खेल को एक नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला है। इस पूरी लीग का संचालन और तकनीकी प्रबंधन हॉकी इंडिया के आधिकारिक ऑफिशल्स (ऑफिसियल्स) द्वारा किया जा रहा है, जिससे प्रतियोगिता का स्तर बेहद उच्च और पेशेवर बना हुआ है।
राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच मुकाबला थोड़ी देर में
प्रदर्शनी मैच की शानदार शुरुआत के बाद, अब लीग का पहला आधिकारिक मुकाबला राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच थोड़ी देर में शुरू होने वाला है। इस मुकाबले को लेकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने कड़ा अभ्यास किया है और एक रोमांचक टक्कर की पूरी उम्मीद है।
1 नवम्बर तक चलेंगे मुकाबले
आयोजकों के मुताबिक, यह रोमांचक हॉकी महाकुंभ 1 नवंबर तक चलेगा, जिसमें राज्यभर की बेहतरीन टीमें खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी। आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ के हॉकी प्रेमियों को एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

