छत्तीसगढ़ में मानसून का कहर: कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, रायगढ़ में बिजली गिरने से 2 युवकों की मौत

मौसम विभाग ने रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद में भारी बारिश की चेतावनी, बस्तर और दुर्ग संभाग में ऑरेंज अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लौटते मानसून का असर अब भी जारी है। मौसम विभाग ने आज रायपुर, महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
बस्तर और दुर्ग संभाग के सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सरंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली और बिलासपुर में भी बारिश के आसार जताए गए हैं।
लोगों से अपील – मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर आकाशीय बिजली से बचने के लिए खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की हिदायत दी गई है।
रायगढ़ में दर्दनाक हादसा
गुरुवार को रायगढ़ जिले के ग्राम गंजाई पाली में आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में तीन बकरियां भी झुलसकर मर गईं। मृतक युवकों की पहचान आकाश किंडो और लिबुन करकेट्टा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बकरियां चराने गए थे। बारिश से बचने के लिए वे महुआ पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। यह पूरा मामला छाल थाना क्षेत्र का है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
