रायपुर (CGVARTA)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की महिला उद्यमिता, नेतृत्व और नवाचार की प्रेरक यात्राओं पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘ADHYAY – The Women Who Lead’ का विमोचन रायपुर स्थित श्रीराम बिज़नेस पार्क में आयोजित कॉस्मो एक्सपो के दौरान किया। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी राकेश चतुर्वेदी, कॉस्मो एवं रोटरी के पदाधिकारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तैयार इस विशेष प्रकाशन में राज्य की प्रगति, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक बदलाव में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 25 महिला उद्यमियों की जीवन यात्राओं को संजोया गया है। पुस्तक का संपादन उचित शर्मा और उनकी टीम द्वारा किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान पुस्तक में शामिल सभी महिला उद्यमियों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके साहस, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और उद्यमशील योगदान के लिए प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि ‘ADHYAY’ छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व की जीवंत गाथा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का दस्तावेज़ बनेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह का दस्तावेज़ीकरण महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ मार्गदर्शन भी प्रदान करता है।
पुस्तक का उद्देश्य उन महिलाओं को मंच देना है जिन्होंने व्यवसाय, उद्योग, सेवा, नवाचार और सामाजिक उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। यह प्रकाशन दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ की महिलाएँ आज न केवल सफल उद्यम चला रही हैं, बल्कि समाज और सोच को भी नई दिशा दे रही हैं।


