छत्तीसगढ़ ओलंपिक प्रतिभाओं के लिए 21 लाख का प्रोत्साहन, CM साय ने बड़ी घोषणाएं कीं

CM विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक बैठक में किया ऐलान
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित सर्किट हाउस सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा में भाग लिया। बैठक में वर्ष 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट, वर्ष 2025-26 का बजट, ऑडिटर की नियुक्ति और अन्य महत्वपूर्ण एजेंडा पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि छत्तीसगढ़ से ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और सरकार उनका सही मंच प्रदान करने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
सीएम साय ने यह भी बताया कि स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़, रजत पदक विजेताओं को 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा, खेलो इंडिया के नए परिसरों की शुरुआत की गई है और खेलों का बजट बढ़ाने तथा कॉरपोरेट क्षेत्र की सहभागिता प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री एवं संघ के उपाध्यक्ष केदार कश्यप ने बताया कि बस्तर ओलंपिक जैसी प्रतियोगिताओं से वनांचल की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिला है। इस अवसर पर महासचिव विक्रम सिसोदिया ने सचिवीय प्रतिवेदन वाचन किया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष हिमांशु द्विवेदी, गजराज पगारिया एवं कोषाध्यक्ष संजय मिश्रा सहित खेल संघ से जुड़े पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
