CG NEWS : छत्तीसगढ़ में NHM कर्मियों का बड़ा कदम, सामूहिक इस्तीफे से स्वास्थ्य सेवाओं पर संकट गहराया

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। लंबित मांगों को लेकर पिछले 18 दिनों से हड़ताल पर डटे कर्मियों ने गुरुवार को सामूहिक इस्तीफा देकर बड़ा कदम उठाया है।
जानकारी के मुताबिक, प्रांताध्यक्ष श्याम मोहन दुबे सहित सभी 33 जिलों के जिलाध्यक्षों की बर्खास्तगी के बाद कर्मचारियों का गुस्सा भड़क गया। इसी के विरोध में आज कर्मचारियों ने धरना स्थल से रैली निकाली और जय स्तंभ चौक से होते हुए सिविल अस्पताल तक पहुंचे।
अस्पताल परिसर में प्रवेश से रोकने के लिए पुलिस पहले से ही तैनात थी। पिछले और मुख्य गेट दोनों बंद कर दिए गए थे। हालांकि कुछ कर्मचारी भीतर घुसने में सफल रहे, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद वे बाहर निकल आए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. आशीष शर्मा मौके पर पहुंचे और गेट पर ही कर्मियों का सामूहिक इस्तीफा स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि इस्तीफा शासन को भेजा जाएगा और अंतिम फैसला वहीं लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग संवेदनशील है और जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी को काम पर लौटना चाहिए।
एनएचएम कर्मियों का कहना है कि वे केवल उन्हीं वादों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं जो सरकार ने पहले किए थे। लेकिन मांगें मानने की बजाय प्रांताध्यक्ष और जिलाध्यक्षों की बर्खास्तगी कर्मचारियों के साथ अन्याय है। कर्मचारियों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
