छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त मुख्य सचिव विकासशील ने कार्यभार संभाला

IAS विकास शील ने छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया, एडीबी से वापसी के बाद नई जिम्मेदारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रशासन को नया नेतृत्व मिला है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 1994 बैच के अधिकारी विकास शील ने मंत्रालय महानदी भवन में आज मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण कर लिया। वे राज्य के 13वें मुख्य सचिव बने हैं।
इससे पहले श्री शील एशियन डेवलपमेंट बैंक, मनीला में कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्यरत थे। लंबे अनुभव और बहुआयामी कार्यशैली के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सेवा का अनुभव
आईएएस बनने के बाद उन्हें मध्यप्रदेश कैडर मिला था। वर्ष 2000 में राज्य विभाजन के बाद वे छत्तीसगढ़ कैडर में शामिल हुए। वे कोरिया, बिलासपुर और रायपुर जिले के कलेक्टर रह चुके हैं। इसके अलावा, वे स्कूल शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में सचिव पद पर कार्य कर चुके हैं।
वर्ष 2018 से वे भारत सरकार में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे और जल जीवन मिशन में मिशन डायरेक्टर के तौर पर अपनी सेवाएं दीं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
10 जून 1969 को जन्मे श्री शील ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. और एम.ई. किया है। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका की सिरैक्यूज़ यूनिवर्सिटी से लोक प्रशासन में मास्टर डिग्री और हेल्थकेयर मैनेजमेंट एवं पॉलिसी में एडवांस्ड स्टडी का सर्टिफिकेट कोर्स भी पूरा किया।
उनका यह अनुभव और शैक्षणिक पृष्ठभूमि छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक ढांचे को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
